हनुमानगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जंक्शन स्थित पार्टी कार्यालय में सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और आदर्शांे को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि राजीव गांधी देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान राजीव गांधी ने देश को आधुनिकता और 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा तथा दूरसंचार क्रांति और पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में पंचायत राज और स्थानीय निकायों के चुनाव नियमित रूप से करवाने के उद्देश्य से संविधान संशोधन का प्रावधान किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार इन संवैधानिक प्रावधानों की भावना के अनुरूप समय पर चुनाव नहीं करवा रही है। दादरी ने कहा कि पंचायत राज चुनाव की लॉटरी प्रक्रिया अचानक स्थगित किए जाने से चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय निकाय चुनाव के बाद पंचायत राज चुनाव होंगे या नहीं, इसे लेकर भी संशय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की ओर से पंचायत राज को लेकर किए गए संवैधानिक प्रयासों की अनदेखी की जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुरदीप चहल ने राजीव गांधी को देश का जांबाज और कुशल प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को एकजुट रखने की दिशा में काम किया। उन्होंने राजीव गांधी को कंप्यूटर क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत को आधुनिक तकनीक और नई दिशा देने की नींव मजबूत हुई।

चहल ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जाति, क्षेत्र, भाषा और धर्म के नाम पर बांटने के बजाय राजीव गांधी के विचारों से प्रेरणा लेकर आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और सद्भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
