हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से एक अनूठी पहल करते हुए नवाचार के तहत हनुमानगढ़ स्थित मां भद्रकाली मंदिर में दुर्गा अष्टमी के अवसर पर गुरुवार को भव्य भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सायं 6 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि 12 बजे तक श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। भजन संध्या में पंजाब और हरियाणा के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में इन राज्यों से आए अनेक श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक गणेश राज बंसल सहित अमित सहू, देवेंद्र अग्रवाल, प्रदीप एरी, आशीष पारीक, डॉ. भारत भूषण शर्मा, जुगल, युधिष्ठिर गक्खड़, कमल अग्रवाल, गिर्राज शर्मा, दीपक गोयल, गुलशन भारद्वाज, मैना बाई, प्रेम रतन पारीक तथा शकुंतला लंबा द्वारा पूजा-अर्चना कर किया गया। भजन संध्या का आयोजन राही एंड पार्टी, पल्स चिल्ड्रन एकेडमी और अनुग्रह सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कलाकार सी.एल. राही, अमरकांत मिश्रा, अमृत स्योता, विक्की म्यूजिकल ग्रुप, सुशील बंसल (बांसुरी वादक), कुमार शाहीन, सुखदेव आर्ट ग्रुप सिरसा, पंडित गिरिराज शर्मा, दीपक गोयल, गुलशन भारद्वाज तथा शकुंतलम संगीत हाउस के कलाकारों ने भजन और संगीत की प्रस्तुति दी। वहीं बाल कलाकार निष्ठा ने नृत्य और गीत के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही बटोरी। देवस्थान विभाग की ओर से कार्यक्रम के दौरान महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। इस आयोजन को सफल बनाने में भारत क्लब और महावीर सेवा दल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
