हनुमानगढ़। युवा परिवार वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से सोमवार को जंक्शन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की दो कन्याओं का विधिवत विवाह सम्पन्न कराया गया। समारोह के दौरान सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं दानदाताओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई हास्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रो. सुमन चावला ने कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र बंधन है और इस प्रकार के सामूहिक विवाह समारोह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित होते हैं। उन्होंने युवा परिवार वेलफेयर फाउंडेशन की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए नवविवाहित जोड़ों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह रामगढ़िया ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर मिल सके।
