हनुमानगढ़। श्री विनायक युवा संगठन की ओर से टाउन के वार्ड नंबर 20 में आयोजित गणेश महोत्सव का समापन शोभायात्रा और नहर में मूर्ति विसर्जन के साथ हुआ। मूर्ति विसर्जन से पहले गणपति बप्पा की प्रतिमा को ट्रॉली में विराजमान कर शहर के मुख्य मार्गों से धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए गणपति बप्पा को विदाई देने पहुंचे और अगले वर्ष जल्द वापस आने की कामना की। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। गणपति बप्पा के जयकारों के साथ श्रद्धालु मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। इसके बाद नहर में विधिवत रूप से गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया। वार्डवासी राजेश स्वामी ने बताया कि हर साल नशामुक्ति, शहर की सुख-समृद्धि और तरक्की की कामना को लेकर गणेश महोत्सव मनाया जाता है। पिछले नौ वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है और भविष्य में भी इसे जारी रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार गणेश महोत्सव नौ दिन तक चला। इस दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा को विदाई देते समय थोड़ी मायूसी हो रही है, लेकिन उम्मीद है कि गणपति बप्पा अगले बरस जल्द आएंगे।
