– पूर्व पालिकाध्यक्ष बोले-चुनाव टालने से आमजन हो रहे परेशान, नशा, महंगाई और टोल नीति पर भी उठाए सवाल
हनुमानगढ़। पीलीबंगा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष गंगाराम खटीक ने राज्य सरकार से नगर पालिका एवं पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव शीघ्र कराने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव में हो रही देरी से आमजन को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह बात सोमवार को आयोजित एक बैठक के दौरान कही। गंगाराम खटीक ने कहा कि नगर पालिका चुनाव पिछले सात-आठ माह से लंबित हैं, जिससे जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवास, चरित्र प्रमाण पत्र सहित कई ऐसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका रहती है। उन्होंने राज्य सरकार से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जल्द चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने हाल ही में स्थानांतरित किए गए पुलिस अधीक्षक का उल्लेख करते हुए कहा कि कम समय में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी का तबादला होना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही नए पुलिस अधीक्षक से जिले में बढ़ रहे नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव गुरमीत सिंह चंदड़ा ने बताया कि 22 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस सेवादल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें हनुमानगढ़ जिले से ब्लॉक अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जिले को बैठक के लिए तीन बसों का लक्ष्य दिया गया है। चंदड़ा ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों की आलोचना करते हुए महंगाई, टोल प्लाजा व्यवस्था और पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है और सरकार जनहित के मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही। साथ ही उन्होंने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में देरी राजनीतिक कारणों से की जा रही है।
