हनुमानगढ़। टाउन में टिब्बी रोड स्थित नत्थूनगर के नागरिकों ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर बुधवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसके बाद सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने बताया कि वार्ड संख्या 39, टिब्बी रोड स्थित नत्थूनगर में लंबे समय से बिजली सप्लाई का लोड संतुलित नहीं है। कम वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट आने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पर्याप्त बिजली नहीं पहुंचने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं कई बार विद्युत उपकरण भी खराब हो जाते हैं। नागरिकों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप नहीं है, जिसके चलते गर्मी के मौसम में समस्या और अधिक बढ़ जाती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में रोष है। प्रदर्शन के दौरान मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में शीघ्र नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर लगने से लो वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या से राहत मिल सकेगी। इस दौरान नागरिकों ने सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। एईएन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर आफताब भाटी, अमजद, असलम, जाहिद भाटी, राकेश, नवीन, संदीप, चिमनलाल सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
