हनुमानगढ़। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जिला शाखा हनुमानगढ़ ने नर्सिंग ऑफिसर्स को बार-बार आउटरीच ड्यूटी पर भेजे जाने के विरोध में स्वास्थ्य मंत्री को शिकायत पत्र प्रेषित किया है। पत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय पर नियमों के विपरीत कार्य करवाने का आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया कि सीएमएचओ कार्यालय की ओर से नर्सिंग ऑफिसर्स को फील्ड एवं आउटरीच ड्यूटी पर भेजा जा रहा है, जबकि भारतीय नर्सिंग परिषद और राज्य चिकित्सा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नर्सिंग ऑफिसर बिना पंजीकृत चिकित्सक के लिखित आदेश एवं उपस्थिति के किसी मरीज को दवा या इंजेक्शन नहीं दे सकता। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आउटरीच ड्यूटी के दौरान अधिकतर स्थानों पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं होते, जिससे मरीजों को उचित उपचार नहीं मिल पाता और नर्सिंग स्टाफ पर कानूनी जोखिम बढ़ जाता है। यह स्थिति जनहित के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। एसोसिएशन ने मांग की कि नर्सिंग ऑफिसर्स को अकेले आउटरीच ड्यूटी पर न भेजा जाए और टीम में चिकित्सक की उपस्थिति अनिवार्य की जाए। नर्सिंग ऑफिसर्स के कार्यक्षेत्र का स्पष्ट निर्धारण किया जाए, ताकि उनसे नियम विरुद्ध कार्य न करवाया जाए। पूर्व में लगाई गई अनुचित ड्यूटी की समीक्षा कर भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकी जाए। एसोसिएशन ने विश्वास जताया है कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगी, जिससे नर्सिंग स्टाफ और मरीज दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।
