हनुमानगढ़। करणीसर-सहजीपुरा क्षेत्र के किसानों ने जल संसाधन विभाग की ओर से एसएसडब्ल्यू नहर को पक्का बनाने के कार्य में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाकर मौके पर तकनीकी जांच कराने की मांग की। 30 एसएसडब्ल्यू, 32 एसएसडब्ल्यू, 36 एसएसडब्ल्यू और 40 एसएसडब्ल्यू क्षेत्र के काश्तकारों ने आरोप लगाया कि जल संसाधन विभाग और ठेकेदार की ओर से नहर का निर्माण गुणवत्ताहीन तरीके से किया जा रहा है। नई पक्की नहर का स्तर पुरानी नहर से भी नीचे रखा जा रहा है, जिससे भविष्य में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप एज (किनारों) पर आवश्यक संरचना नहीं बनाई जा रही है। यदि इसी प्रकार कार्य जारी रहा तो नहर का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा और किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने मांग की कि जब तक मौके पर निर्माण कार्य के लेवल और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक संबंधित ठेकेदार और विभाग को कार्य बंद रखने के निर्देश दिए जाएं। किसानों ने मुख्य अभियंता, जल संसाधन उत्तर संभाग को भी मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्य करवाने की मांग की है। काश्तकारों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और कथित खामियों के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी। इस मौके पर बीके-66 अध्यक्ष बूटासिंह, रणजीत कड़वा, बलजिन्द्र सिंह, बसंत सिंह, जगरूप सिंह, बिट्टू सिंह, गुरतेज सिंह, अजायब सिंह, सुखवंत सिंह, सहजपाल, गुरप्रीत सिंह, हैप्पी, गुरमेल सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित कई किसान मौजूद थे।
