– युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, केन्द्र सरकार और एनटीए पर साधा निशाना, पेपरलीक की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले बुधवार को नीट परीक्षा 2026 में कथित पेपर लीक के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष केन्द्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मंेद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने किया। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता डीसीसी कार्यालय में एकत्रित हुए और वहां से शिक्षा मंत्री के पुतले की शवयात्रा निकालते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां विरोध प्रदर्शन कर परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई गई। मनीष मक्कासर ने कहा कि देश के लाखों छात्र दिन-रात मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार की दीमक ने पूरे सिस्टम को खोखला कर दिया है। राजस्थान के सीकर और अन्य इलाकों से जिस तरह पेपर लीक के साक्ष्य सामने आए हैं, उसने एनटीए की विश्वसनीयता पर सवालिया निशान लगा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर कांग्रेस गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा देने वाले छात्र लंबे समय तक कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से शिक्षा नगरी सीकर की छवि को भी नुकसान पहुंचा है। उनका कहना था कि केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण अब लोग सीकर के शिक्षा तंत्र को संदेह की नजर से देखने लगे हैं। कांग्रेस ने मांग रखी कि सीबीआई की ओर से नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच को तेजी से पूरा कर असली मास्टरमाइंड को सलाखों के पीछे भेजा जाए। नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मंेद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें। प्रभावित 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए पारदर्शिता के साथ दोबारा परीक्षा की तिथि और स्पष्ट रोडमैप जारी किया जाए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने किसानों, व्यापारियों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को भी उठाते हुए केन्द्र और राज्य सरकार पर विभिन्न वर्गांे की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं और आमजन के मुद्दों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
