– पहले दिन दोनों दलों ने दाखिल किए नामांकन, 20-20 पार्षदों के बाद अब 21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद का फैसला
नोहर। नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन कांग्रेस और भाजपा की ओर से एक-एक नामांकन दाखिल किया गया। कांग्रेस की ओर से विधायक अमित चाचाण के छोटे भाई सुमित चाचाण ने, जबकि भाजपा की ओर से पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 8 से नवनिर्वाचित पार्षद खातून टाक ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रत्याशी अपने-अपने समर्थक पार्षदों के साथ रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद एसडीएम को नामांकन पत्र सौंपे। मतगणना के बाद से ही अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस और भाजपा के खेमों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे। दोनों ही दलों के खाते में 20-20 पार्षद आने के कारण यह चर्चा भी थी कि बहुमत के लिए किसी तीसरे व्यक्ति को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

लेकिन बुधवार को दोनों दलों की ओर से अपने प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के बाद तीसरे प्रत्याशी को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया। अब अध्यक्ष पद का मुकाबला सीधे कांग्रेस के सुमित चाचाण और भाजपा की खातून टाक के बीच है। दोनों ही गुटों के पास 20-20 पार्षद हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद का फैसला किसी पार्षद के पाला बदलने से हो सकता है। यदि दोनों पक्षों की संख्या बराबर रहती है तो टॉस के जरिए भी फैसला होने की स्थिति बन सकती है। अध्यक्ष पद का अंतिम फैसला 21 सितंबर को मतदान के बाद स्पष्ट होगा। दोनों दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में निर्वाचित पार्षदों को बाड़ाबंदी में रखा हुआ है। विधायक अमित चाचाण ने कहा कि उन्हें अपने पार्षदों पर पूरा भरोसा है, लेकिन भाजपा सरकार पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। इसी वजह से पार्षदों को एक जगह रखा गया है, ताकि सरकार उन पर किसी तरह का दबाव न बना सके। वहीं भाजपा प्रत्याशी खातून टाक ने कहा कि जनता ने उन्हें भरपूर प्यार दिया है। नगरपालिका के 40 वार्डों में से 20 सीटों पर उनके प्रत्याशी विजयी हुए हैं और निश्चित रूप से पालिका में भाजपा का बोर्ड बनेगा।
