– दीपावली पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग की कार्रवाई जारी, अवधिपार खाद्य सामग्री भी मौके पर करवाई नष्ट
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों एवं खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को नोहर में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान 714 लीटर सरसों का तेल एवं घी सीज किया गया, वहीं विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिली अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने नोहर में संचालित मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से सरसों के तेल (अनामिका ब्रांड), मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से घी (आनन्दा ब्रांड), मैसर्स नवीन देसी घी से घी (पालीवाल गोल्ड ब्रांड) एवं खुले घी, मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज से भुजिया (नमकीन) एवं सरसों के तेल के नमूने संग्रहित किए। इसी प्रकार मैसर्स श्री चंदगीराम मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं बेसन बर्फी तथा मैसर्स श्री श्याम मावा भंडार से मीठा मावा एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
280 लीटर सरसों का तेल और 434 लीटर घी किया सीज
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से 280 लीटर सरसों का तेल (अनामिका ब्रांड) सीज किया। इसी प्रकार मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से 434 लीटर घी (आनन्दा ब्रांड) सीज किया गया। इस तरह दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 714 लीटर खाद्य तेल एवं घी को अग्रिम कार्रवाई तक बिक्री एवं उपयोग से प्रतिबंधित करते हुए सीज किया गया।
अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर करवाई नष्ट
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स दिनेश एजेंसी एवं मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान अवधिपार पाई गई खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसमें करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक के साथ जीरा, बिस्किट एवं विभिन्न मसालों के लगभग 200 पैकेट शामिल हैं। दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
त्योहार के दौरान जारी रहेगी कार्रवाई
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें तथा खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखें। आमजन से भी अपील की गई कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांचें तथा मिलावट या अनियमितता की आशंका होने पर विभाग को सूचित करें। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अर्चना यादव, नोहर बीसीएमओ डॉ. मनजीत ढाका, गार्ड योगेश शर्मा एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह उपस्थित रहे।
