- ईवीएम संचालन, मॉक पोल और मतदान प्रक्रिया का दिया गया सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान दल कार्मिकों के प्रथम चरण का छह दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन प्रपत्रों और ईवीएम संचालन से संबंधित जानकारी दी गई। हनुमानगढ़ टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर राजकीय महाविद्यालय में 21 अक्टूबर से आयोजित प्रशिक्षण के अंतिम दिन पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बैच संख्या PO-1251 से 1518 तथा APO-1251 से 1518 के कार्मिक शामिल रहे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने पीपीटी के माध्यम से मतदान प्रक्रिया, विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों की पूर्ति, मतदान सामग्री के संग्रहण एवं वितरण तथा मतदान दिवस पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी। वहीं, स्वर्ण जयंती भवन में आयोजित ईवीएम हैंड्स-ऑन सत्र में कार्मिकों को कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट, सीलिंग प्रक्रिया और मॉक पोल का व्यावहारिक अभ्यास करवाया गया। छह दिवसीय प्रशिक्षण प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित किया गया। पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चला। प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी द्वारा किया गया।
