हनुमानगढ़। जिले में पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन गतिविधियों के विस्तार तथा पर्यटन की अपार संभावनाओं को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर सहित समिति के सदस्यों, पर्यटन विभाग के अधिकारियों तथा पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने जिले में पर्यटन विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों हनुमानगढ़, बड़ोपल, धन्नासर, रावतसर एवं कालीबंगा को जोड़ते हुए एक समग्र पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे पर्यटकों को एक ही यात्रा में जिले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिल सके। साथ ही धार्मिक स्थलों पर आयोजित होने वाले मेलों एवं आयोजनों के दौरान पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, फ्लेक्स एवं अन्य प्रचार सामग्री लगाने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि जिले में आने वाले धार्मिक पर्यटक अन्य पर्यटन स्थलों तक भी पहुंच सकें। बैठक में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे पर्यटन योजना के अंतर्गत चयनित गांवों को लाभान्वित करने तथा ग्रामीण संस्कृति, लोक जीवन और पारंपरिक आतिथ्य को पर्यटन से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय, वाटर बूथ, विश्राम कक्ष सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। जिला कलक्टर ने जिले में पर्यटन गतिविधियों को नियमित स्वरूप देने के लिए कैमल फेस्टिवल एवं डेजर्ट फेस्टिवल की तर्ज पर हनुमानगढ़ में भी एक बहुउद्देशीय सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक हेरिटेज प्रवेश द्वार स्थापित करने तथा हनुमानगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों से जुड़े प्रतिनिधियों को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाकर उनके व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना पर भी विचार किया गया। जिले में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन विभाग का पृथक कार्यालय हनुमानगढ़ में स्थापित करने संबंधी चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई, सहायक निदेशक लोक सेवाएं डॉ. दिव्या, उपखंड अधिकारी रावतसर विनोद कुमार, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास, पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े व्यवसायी उपस्थित रहे।
