oplus_0
-संभाल का भी लिया संकल्प- डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के अवतार दिवस की खुशी में धरा को दी हरियाली की सौगात
हनुमानगढ़। पर्यावरण की रक्षा हर इंसान का नैतिक दायित्व है और इस कर्तव्य को पूरी जिम्मेदारी से निभाने में सर्वधर्म संगम डेरा सच्चा सौदा दुनियाभर में सबसे आगे रहा है। पौधरोपण में अब तक कई विश्व कीर्तिमान स्थापित कर चुके डेरा सच्चा सौदा की साध-संगत यानि पर्यावरण के प्रबल प्रहरियों ने शुक्रवार को एक बार फिर पर्यावरण सुरक्षा के महायज्ञ में बढ़-चढ़कर आहुति डाली। हनुमानगढ़ ब्लॉक में भी आयोजित पौधारोपण अभियान के तहत साध-संगत ने धरा को पौधों के रूप में हरियाली का उपहार भेंट किया। मौका था डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां के 59वें अवतार दिवस के एमएसजी भंडारे की खुशी का। इस मौके पर आयोजित पौधारोपण अभियान के दौरान साध-संगत की ओर से पौधे रोपित कर धरा को हरियाली की सौगात दी गई। पौधारोपण अभियान के दौरान साध-संगत का जोश देखते ही बन रहा था। क्या छोटा-क्या बड़ा, क्या वृद्ध और क्या नौजवान, हर कोई हाथ में पौधे लिए पर्यावरण सुरक्षा के इस महायज्ञ में आहुति डालने को आतुर था। जैसे ही घड़ी की सुई 8 पर आकर थमी वैसे ही अपने-अपने ब्लॉकों में पहले से ही तैयार साध-संगत ने ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसराÓ का नारा लगाकर पौधारोपण अभियान की शुरुआत कर दी।

हनुमानगढ़ ब्लॉक में गांव धोलीपाल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में भाइयों जबकि हनुमानगढ़ जंक्शन के सिविल लाइंस स्थित अटल पार्क और हनुमानगढ़ टाउन में कोहला के नजदीक प्रस्तावित गुड़ मंडी की जगह पर बहनों की ओर से पौधारोपण किया गया। इसके अलावा ब्लॉक के गांव नौरंगदेसर, मुंडा, झांबर, अमरपुरा थेड़ी, मक्कासर सहित अन्य जगहों पर भी साध-संगत की ओर से अपने घरों, आसपास के सार्वजनिक स्थानों और खेतों में पौधारोपण किया गया। हनुमानगढ़ ब्लॉक में करीब पांच सौ पौधे लगाए गए। गांव धोलीपाल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में हुए पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि स्कूल प्रिंसिपल ललिता भादू ने की। इस मौके पर मौजूद गणमान्यों ने न केवल साध-संगत के साथ मिलकर पौधे लगाए बल्कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां की ओर से चलाए गए पर्यावरण संरक्षण के इस महान परोपकारी कार्य की जमकर सराहना की। इस मौके पर सच्चे नम्र सेवादार भाई, सच्ची सेवा समिति सेवादार भाई, शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादार भाइयों सहित साध-संगत मौजूद रही। गौरतलब है कि साध-संगत हर साल डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां के अवतार दिवस के मौके पर देश व दुनियाभर में पौधारोपण करती है। केवल पौधारोपण ही नहीं बल्कि वे तब तक उनकी नियमित सार-संभाल करते आ रहे हैं जब तक कि वे बड़े नहीं हो जाते। इसके अलावा भी साध-संगत अपने-अपने ब्लॉकों में विभिन्न मौकों पर सालभर पौधारोपण करती रहती है।
