– पानी व्यर्थ बहने से सड़क भी धंसी, लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी पहुंचने की आशंका
हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के वार्ड नंबर 7 और 8 के बीच स्थित शिव कुटिया के पास सौ फुटी रोड पर पेयजल की बड़ी पाइप लाइन में लीकेज लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पाइप लाइन से लगातार पानी बहने के कारण सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा हो गया है। वहीं, आसपास की सड़क भी धंसने लगी है। दिनभर सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को आम नागरिक की सूचना पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बलराज सिंह दानेवालिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता को दूरभाष पर समस्या से अवगत करवाते हुए लीकेज दुरुस्त करवाने की मांग की। स्थानीय निवासी मामराज परिहार ने बताया कि वे रोजाना शिव कुटिया के पास से गुजरते हैं। काफी समय पहले बीच सड़क में पाइप लाइन लीकेज होने से छोटा गड्ढा बना था, जो अब लगातार पानी बहने के कारण बड़ा हो चुका है। इस स्थान पर टर्न पॉइंट भी है और दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में गड्ढे के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन में लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी सप्लाई होने की आशंका है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। लगातार पानी बहने से सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों से लीकेज दुरुस्त करवाकर गड्ढे को भरवाने की मांग की, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बलराज सिंह दानेवालिया ने बताया कि पीएचईडी के जेईएन ने दो-तीन अन्य स्थानों पर लीकेज दुरुस्त करवाने के बाद इस लीकेज को भी ठीक करवाने का आश्वासन दिया है। दानेवालिया के अनुसार यह मुख्य मार्ग है और सड़क के बीचोंबीच गड्ढा होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। जेईएन ने सोमवार को ही लीकेज दुरुस्त करवाने का आश्वासन दिया है।
