पाली। शहर के बारसा रिसोर्ट में शनिवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित “छात्रों की गूंज अब पाली में” कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला। कार्यक्रम में पाली विधायक भीमराज भाटी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। विधायक भीमराज भाटी ने कहा कि कांग्रेस के भीतर कुछ लोग इधर की उधर करने का काम करते हैं, ऐसे लोगों की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह की राजनीति करते हैं, उनका अंजाम अच्छा नहीं होता। भाटी ने राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में आए चढ़ावे में से लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया, जो लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सवाल उठाया कि खुद को रामभक्त कहने वाली भाजपा इस मामले पर खामोश क्यों है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत चुनाव प्रबंधन का परिणाम थी। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा चुनाव जीतती है तो भविष्य में देश में लोकतंत्र खतरे में पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए। पेपर लीक के मुद्दे पर विधायक भाटी ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि प्रधानमंत्री भी इस मुद्दे पर मौन हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक भाटी ने बांगड़ कॉलेज के प्राचार्य और सोशल वेलफेयर अधिकारी पर भी टिप्पणी करते हुए उनके कार्यों और व्यवहार पर सवाल उठाए। इस पर बांगड़ कॉलेज के प्राचार्य ने आरोपों को निराधार बताया। एबीवीपी के प्रियव्रत सिंह राजपुरोहित ने कहा कि बिना तथ्यों के किसी व्यक्ति पर इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन हमेशा छात्र हित में कार्य करता रहा है और प्राचार्य को लेकर अब तक कोई शिकायत सामने नहीं आई है। एबीवीपी के जिला संयोजक दुर्गेश देवासी ने भी विधायक के आरोपों को तथ्यहीन बताया। जिला कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र मुंड ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और देश में व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। जिला सह प्रभारी श्रवण पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा खोले गए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को भाजपा सरकार बंद कर रही है, जिससे बच्चों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं को तेज करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर ने कहा कि यदि पेपर लीक की घटनाएं नहीं रुकीं तो युवा बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी, प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी सहित कई नेताओं ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताओं से छात्रों का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हो रहा है और इसे बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
