हनुमानगढ़। जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देसी कट्टे व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी तथा वृत्ताधिकारी रावतसर सुभाष गोदारा के निकटतम सुपरविजन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पीलीबंगा के थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय कुमार व उनकी टीम द्वारा गश्त के दौरान यह सफलता हासिल की गई। गश्त के दौरान रावतसर रोड स्थित रेलवे फाटक मंडी के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा एवं 12 बोर का एक कारतूस बरामद किया गया।पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पीलीबंगा में प्रकरण संख्या 113 दिनांक 02.03.2026 धारा 3/25 (1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक बलतेज सिंह द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल हीरालाल तथा कांस्टेबल सुभाषचंद्र शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों की तत्परता व सतर्कता से एक अवैध हथियार को जब्त कर संभावित अपराध को समय रहते रोका जा सका। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पालाराम पुत्र प्रेम मेघवाल, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड संख्या 24, पीलीबंगा, जिला हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों, मादक पदार्थों व आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
