
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा पासआउट (सत्र 2022-25) एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए दो दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव सोमवार को शुरू हुई। इस प्लेसमेंट ड्राइव में राइजे मितास टायर्स कंपनी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जो महंसारिया ग्रुप एवं योकोहामा, गुजरात का एक संयुक्त उपक्रम है। कंपनी की ओर से छात्र-छात्राओं का चयन डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी एवं अन्य तकनीकी पदों के लिए किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों में रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना तथा उद्योग-शिक्षा के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करना रहा। इस ड्राइव में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सिविल, कंप्यूटर एवं आईटी सहित विभिन्न पॉलिटेक्निक शाखाओं के डिप्लोमा पासआउट एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट टॉक, तकनीकी साक्षात्कार एवं एचआर इंटरव्यू शामिल रहे। राइजे मितास टायर्स कंपनी की एचआर मैनेजर हेमलता और ब्रिजेश ने कंपनी की पॉलिसी के बारे में बताया और कहा कि पूरी लगन से कार्य करें और अच्छा उत्पाद तैयार करें क्योंकि जरा सी लापरवाही कार, बाइक या अन्य मोटर वाहन सवार के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर उद्योगों के साथ सहयोग स्थापित कर छात्र-छात्राओं को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जब तक हम घर से बाहर नहीं निकलेंगे, तब तक दुनियादारी की समझ विकसित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि स्टूडेंट 12 से 13 घंटे पूरी लगन से कार्य करते हैं, तो सफलता निश्चित है। कम्फर्ट जोन में रहकर कामयाबी प्राप्त नहीं की जा सकती। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि एसकेडी विश्वविद्यालय छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उद्योग आधारित शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा दे रहा है। इस प्रकार की कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव से छात्र-छात्राओं को वास्तविक औद्योगिक वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलता है। उनका प्रयास है कि प्रत्येक स्टूडेंट को उसकी योग्यता के अनुरूप बेहतर रोजगार उपलब्ध हो तथा विश्वविद्यालय को एक मजबूत प्लेसमेंट हब के रूप में विकसित किया जा सके। विक्रम मंगवाना ने बताया कि कंपनी की ओर से 40 छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट किया गया। मंच संचालन मनमीत कौर ने किया।
