-स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में 58 बुजुर्गों की जांच, दिए गए मानसिक स्वास्थ्य के टिप्स
नोहर। स्थानीय नोहर स्थित प्यारी बहना संस्था वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हनुमानगढ़ के निर्देशों की पालना में उप जिला चिकित्सालय नोहर के सौजन्य से संस्था परिसर में रविवार सुबह 9 बजे शुरू हुआ। शिविर का विधिवत शुभारंभ ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी दलीप गाट और प्यारी बहना संस्था के चेयरमैन सोनू चारण ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
58 बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच
शिविर में उप जिला चिकित्सालय नोहर की मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम में मुख्य रूप से मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज डुड्डी, काउंसलर बजरंग सिंह और नर्सिंग ऑफिसर विजय कुमार शामिल रहे। चिकित्सा टीम ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे 58 बुजुर्गों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य मौसमी और सामान्य बीमारियों की जांच की गई। साथ ही सभी बुजुर्गों को आवश्यकता अनुसार मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
मानसिक स्वास्थ्य पर दिया विशेष जोर
शिविर के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज डुड्डी ने उपस्थित बुजुर्गों और लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि बढ़ती उम्र में मानसिक तनाव और मनोरोग से किस प्रकार बचा जा सकता है। उन्होंने अवसाद (डिप्रेशन) से दूर रहने और सकारात्मक व खुशहाल जीवन जीने के लिए कई उपयोगी सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्यारी बहना संस्था की ओर से चिकित्सकों और उनकी टीम का शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की इस पहल की सराहना की गई। इस दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में संस्था के स्टाफ सदस्य विनोद, सुमन, पूजा, प्रभु, साहिल सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
