ऐलनाबाद। बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन सिरसा के प्रांगण में आज “राष्ट्रीय मतदान दिवस” के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया । इस अवसर पर डीएसपी राज सिंह ने उपस्थित पुलिस कर्मियों को राष्ट्रीय मतदान दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि भारत जैसे बड़े लोकतंत्र देश में मतदान के कम होते रुझान को देखते हुए पहली बार वर्ष 2011 में 25 जनवरी को “राष्ट्रीय मतदान दिवस” के रूप में मनाने की शुरूआत की थी और 2011 से ही हर साल 25 जनवरी को “राष्ट्रीय मतदान दिवस” के रूप में मनाया जाता है । राष्ट्रीय मतदाता दिवस का हर वर्ष आयोजन सभी भारत के नागरिकों को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की याद दिलाता है। भारत के प्रत्येक नागरिक की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है, क्योंकि आम आदमी का एक वोट ही सरकारें बदल देता है। हम सबका एक वोट ही पलभर में एक अच्छा प्रतिनिधि भी चुन सकता है और एक बेकार प्रतिनिधि भी चुन सकता है इसलिए भारत के प्रत्येक नागरिक को अपने मत का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए और ऐसी सरकारें या प्रतिनिधि चुनने के लिए करना चाहिए, जो कि देश को विकास और तरक्की के पथ पर ले जा सकें। भारत देश की 65 प्रतिशत आबादी युवाओं की है, इसलिए देश के प्रत्येक चुनाव में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा भागीदारी करनी चाहिए और ऐसी सरकारें चुननी चाहिए, जो कि सांप्रदायिकता और जातिवाद से ऊपर उठकर देश के विकास के बारे में सोचें। ये सिर्फ और सिर्फ हो सकता है हम सबके मतदान करने से। डीएसपी राज सिंह ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराना पुलिस का परम दायित्व है, इसलिए चुनाव के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। इसके मनाए जाने के पीछे निर्वाचन आयोग का उद्देश्य था, कि देश भर के सभी मतदान केंद्र वाले क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष उन सभी पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी जिनकी उम्र एक जनवरी को 18 वर्ष हो चुकी होगी। इस सिलसिले में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के नए मतदाताओं के नाम मतदाता सुची में दर्ज किए जाते है और उन्हें निर्वाचन फोटो पहचान पत्र सौंपे जाते है। पहचान पत्र बांटने का काम सामाजिक ,शैक्षणिक व गैर-राजनीतिक व्यक्ति करते है। डीएसपी राज सिंह ने बताया कि मतदान दिवस मनाने का मुख्य कारण है कि, लोगों को मतदान का महत्व बताया जाए ,ताकि लोग इसके प्रति जागरुक हो और सही उम्मीदवार को चुने। भारत में राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है ।यह दिवस भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए अहम है। इस दिन भारत के प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्र के प्रत्येक चुनाव में भागीदारी की शपथ लेनी चाहिए , क्योंकि भारत के प्रत्येक व्यक्ति का वोट ही, देश के भावी भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने बताया कि हर एक व्यक्ति का वोट राष्ट्र के निर्माण में अहम योगदान होता है। इस अवसर पर लाइन अवसर प्रहलाद सिंह व जिला कल्याण निरीक्षक सीमा सोढ़ी सहित अनेक पुलिस कर्मचारी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
