ऐलनाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न निजी एवं सरकारी स्कूलों में अनेक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत इंटर हाउस क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण समारोह, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, लीगल अवेयरनेस कैंपस सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि इन कार्यक्रमों में आशा स्कीम, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, मानव तस्करी एवं यौन उत्पीड़न के पीड़ितों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा जिला एडीआर सेंटर सिरसा, बार एसोसिएशन कॉम्प्लेक्स, लीगल एड क्लीनिक्स तथा डैफोडिल स्कूल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता शपथ दिलाई गई।

वहीं गांव मांगेआना में मोबाइल लीगल एड कैंप का आयोजन भी किया गया। सचिव प्रवेश सिंगला ने आमजन को अपने मत का सही एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने तथा अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने बेटियों को आगे बढ़ाने, उनके अधिकारों के प्रति सजग होने और उन्हें सशक्त बनाने का आह्वान किया।
