हनुमानगढ़। जंक्शन पुलिस ने फोन पर धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बॉक्सर गैंग से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़ित को खुद को गैंगस्टर बताकर लगातार फोन और व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकियां दे रहा था। पुलिस ने तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि 13 सितंबर 2025 को एक परिवादी ने पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में रिपोर्ट दी थी कि उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से बार-बार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आ रहे हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को गैंगस्टर विशाल पचार उर्फ बॉक्सर के गैंग का सदस्य बताकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांग रहा था और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में अपराध संख्या 637/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(4) और 308(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में तथा थाना अधिकारी रामचंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम को तकनीकी और मानवीय सूचनाएं एकत्रित कर आरोपियों का पता लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण किया। साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। जांच में करण पुत्र मोहनलाल की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण (20 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 01, मांद्रुवास, थाना घड़साना (घमूडवाली), जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बॉक्सर गैंग से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क में होने की बात स्वीकार की है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और गैंग का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। एसपी हरी शंकर ने बताया कि जिले में सक्रिय गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों को डराने-धमकाने या फिरौती मांगने जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी को इस प्रकार की धमकी या संदिग्ध कॉल प्राप्त होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
उप निरीक्षक गजेन्द्र शर्मा, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, कांस्टेबल योगेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
