-कोटपूतली में बड़ा सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई बस, महिला यात्री व ड्राइवर की मौत
कोटपूतली। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर खड़े ट्रेलर में पीछे से आकर स्लीपर बस घुस गई। हादसे में बस ड्राइवर और एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। हादसा रात करीब 11:26 बजे कोटपूतली के बीडीएम हॉस्पिटल के सामने पुल पर हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। बस के दूसरे ड्राइवर ओमप्रकाश ने बताया कि बस मकराना से हरिद्वार जा रही थी और उसमें करीब 22 यात्री सवार थे। जब बस कोटपूतली में बीडीएम हॉस्पिटल के सामने फ्लाईओवर पर पहुंची तो हाईवे पर एक ट्रेलर खड़ा हुआ था। ट्रेलर चालक ने न तो कोई पार्किंग संकेत लगाया था और न ही इंडिकेटर दिए थे। फ्लाईओवर चढ़ते ही बस सीधे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। ट्रेलर में लदे सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर तक घुस गए, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसमें फंस गए। तेज धमाके और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रेलर को सड़क से हटाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। कोटपूतली एसएचओ राजेश शर्मा ने बताया कि हादसे में नागौर के लाड़ौली गांव निवासी बस चालक चंद्रमोहन (55) और महिला यात्री बिच्चू देवी की मौत हो गई। घायलों को राजकीय बीडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार ट्रेलर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
