हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों की पालना में विशेष सचिव (मध्यस्थता) महेंद्र प्रताप बेनीवाल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गजेंद्र सिंह तेनगुरिया ने जिला कारागृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागृह स्थित प्रिजन लीगल एड क्लिनिक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विशेष सचिव महेंद्र प्रताप बेनीवाल ने विधिक सहायता के तहत अधिवक्ता प्राप्त कर चुके बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही कानूनी सहायता की जानकारी ली। उन्होंने प्रिजन लीगल एड क्लिनिक में कार्यरत कारागृह विजिटिंग अधिवक्ता रविंद्र एवं अधिकार मित्र सुभाष से भी बातचीत की तथा उनकी ओर से संधारित किए जा रहे रजिस्टरों की जानकारी लेकर उनका निरीक्षण किया। इसके बाद विशेष सचिव एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने कारागृह की विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था के साथ चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल और भोजन व्यवस्था की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी ली गई और विधिक सहायता से जुड़े कार्यांे का जायजा लिया गया।
