
हनुमानगढ़। टाउन में फतेहगढ़ मोड पर खंडा साहिब चौक स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शहीदी सप्ताह श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस शहीदी सप्ताह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में संगत हिस्सा ले रही है। इससे पूरा क्षेत्र गुरबाणी, कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से भक्तिमय बना हुआ है। शहीदी सप्ताह के दौरान प्रतिदिन संगत श्रद्धा भाव से स्मारक परिसर पहुंच रही है और कार्यक्रमों में सहभागिता निभा रही है। इसी क्रम में गुरुवार रात्रि को कथा गुरुवाणी का आयोजन किया गया। इसमें गुरप्रीत सिंह श्रीगंगानगर ने गुरुओं के जीवन, संघर्ष और शहादत से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए।

शहीदी सप्ताह का समापन 27 दिसम्बर को कीर्तन दरबार के साथ होगा। बाबा बंदा सिंह बहादुर सेवा समिति के सेवादार कुलविन्द्र सिंह ने बताया कि शहीदी सप्ताह 21 से 27 दिसम्बर तक मनाया जा रहा है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन सरबंसदानी दशमेश पिता साहिब गुरु गोबिंद सिंह जी, माता गुजर कौर एवं चार साहिबजादों की शहादत को समर्पित है, जिनके बलिदान ने पूरे राष्ट्र को त्याग, साहस और धर्म की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कारों और शहीदों की अमर कुर्बानियों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
