हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में कटौती सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश की बिजली व्यवस्था तथा बढ़ती दरों पर चिंता जताते हुए आमजन को राहत देने की मांग की गई। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं को निजी हाथों में देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे आमजन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के पद समाप्त किए जाने और नई भर्तियां नहीं होने पर भी चिंता जताई। बेनीवाल ने कहा कि बिजली बिलों में फ्यूल सरचार्ज, बेसिक फ्यूल सरचार्ज, विशेष ऑडिट शुल्क, नगरीय कर और इन्फ्रास्ट्रक्चर शुल्क जैसे विभिन्न मदों के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली की जा रही है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही और बार-बार कटौती की समस्या बनी रहती है। ज्ञापन में प्रमुख मांगों के तहत पंजाब की तर्ज पर राजस्थान के उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने और 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा प्रति यूनिट बिजली दरों में कमी, विभिन्न शुल्कों की वसूली बंद करने, स्थाई शुल्क घटाने तथा बिजली विभाग में स्थाई कर्मचारियों की भर्ती करने की भी मांग उठाई गई। पार्टी पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के घाटे का कैग से ऑडिट कराकर उसे सार्वजनिक करने, भ्रष्टाचार व स्क्रैप घोटालों की जांच कराने तथा जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाने की मांग भी की। साथ ही सौर ऊर्जा की उचित दर पर खरीद, उपखंड स्तर पर तकनीकी टीमों का गठन और खराब मीटर बदलने के नाम पर ली जा रही राशि समाप्त करने की भी मांग की गई। पार्टी नेताओं ने सरकार से आमजन के हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए बिजली दरों में राहत देने की मांग की। इस दौरान संगठन प्रभारी राजवीर माली, सुभाष पारीक, विजय वर्मा, मदन रैगर, सतपाल सोनी, अजीत झा, मुकेश सेवटा, गुलशन सोनी, करनैल सिंह, लीलाधर भाट, राजकुमार गर्ग और जयपाल स्वामी मौजूद रहे।
