हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ खिलेरी बास में घर में घुसकर परिवार के सदस्यों से मारपीट करने और महिला का सोने का मंगलसूत्र तोड़कर ले जाने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर पांच नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कृष्णलाल (54) पुत्र भादरराम नायक निवासी वार्ड नंबर 7, खिलेरी बास, फतेहगढ़ ने रिपोर्ट दी कि 12 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह घर पर था। इसी दौरान बलवन्त पुत्र भादरराम, सुनील पुत्र बलवन्त, जयप्रकाश पुत्र बलराम, नरेश पुत्र रणजीत मेहरड़ा व अन्य लोग घर आए और उसके बेटे पवन के साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसकी पत्नी सीमा के साथ भी लोहे की रॉड आदि से मारपीट की। हमले में सीमा के सिर में चोटें आईं, जबकि आरोपियों ने लोहे की रॉड से पवन के सिर और कमर पर वार किए। इसी दौरान आरोपियों ने सीमा के गले में पहना सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। घर में शोर सुनकर कृष्णलाल के चाचा के बेटे प्रभुराम और सोहनलाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। इसके बाद घायलों को राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक भूपसिंह को सौंपी गई है।
