– प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल व प्रदेश सचिव सुभाष चंद्र की अनुशंसा पर मिली जिम्मेदारी, संगठन विस्तार और सामाजिक जागरूकता का संकल्प
हनुमानगढ़। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने संगठन विस्तार के तहत हनुमानगढ़ जिले में महिला मोर्चा को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए मंजू बाला को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना की। जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार यह नियुक्ति भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल एवं प्रदेश सचिव सुभाष चंद्र की अनुशंसा पर की गई थी। संगठन ने मंजू बाला से संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मंजू बाला ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा संगठन को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।
