हनुमानगढ़। राजस्थान में लगातार बढ़ते तापमान के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव की मांग तेज हो गई है। नारी शक्ति राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षा सीमा भाटी ने सरकार से आग्रह किया है कि भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों का समय तत्काल बदला जाए। सीमा भाटी ने बताया कि तेज गर्मी के चलते छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौटने में काफी परेशानी हो रही है। बच्चे सुबह 8 बजे केंद्र पर पहुंच तो जाते हैं, लेकिन दोपहर 12 बजे तक उन्हें वहां रोकना मुश्किल हो जाता है। कई केंद्रों पर पंखों जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी स्थिति को और गंभीर बना रहा है। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय तापमान अधिक होने के कारण बच्चों को घर पहुंचने में दिक्कत होती है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। यही वजह है कि कई अभिभावक अब बच्चों को आंगनबाड़ी भेजने से भी कतराने लगे हैं। सीमा भाटी ने सरकार से मांग की कि बच्चों के हित में आंगनबाड़ी केंद्रों का समय सुबह 8 बजे से 10 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि भीषण गर्मी से नन्हे-मुन्नों को राहत मिल सके और उनकी उपस्थिति भी बनी रहे। उन्होंने कहा कि समय रहते निर्णय लिया गया तो बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
