हनुमानगढ़। पुलिस मुख्यालय जयपुर तथा बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओम प्रकाश के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से मई माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 11853 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 144 शराब पीकर वाहन चलाने वाले, 2568 तेज गति से वाहन चलाने वाले, 282 गलत दिशा एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले, 368 मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले तथा 5148 बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 10 लाल बत्ती का उल्लंघन करने वाले, 110 यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले, 825 अवैध पार्किंग करने वाले, 627 सीट बेल्ट नहीं पहनने वाले, 323 प्रदूषण फैलाने वाले, 206 बिना नम्बर प्लेट वाले, 46 नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले, 90 ब्लैक फिल्म लगे वाहन संचालकों तथा 1106 अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के तहत 59 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की अनुशंसा करते हुए परिवहन विभाग को भेजे गए। वहीं 23 मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त किया गया। हनुमानगढ़ पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्गांे पर स्थित ढाबों पर अवैध एवं अव्यवस्थित पार्किंग रोकने के लिए ढाबा संचालकों को भी पाबंद किया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
