टिब्बी। ग्राम पंचायत पन्नीवाली, टिब्बी में मनरेगा बचाओ अभियान के अंतर्गत विशाल जनसभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलदीप इंदौरा, अभिमन्यु पूनिया तथा मनीष मक्कासर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। वक्ताओं ने मनरेगा को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए इसे सशक्त बनाए रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में सांसद कुलदीप इंदौरा (श्रीगंगानगर) एवं विधायक अभिमन्यु पूनिया (संगरिया) के प्रथम आगमन पर ग्राम पंचायत की ओर से भव्य स्वागत किया गया। आयोजन एवं मंच संचालन ग्राम प्रशासक सरपंच सोनू चोपड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के साथ अजीत बेनीवाल, रोहित स्वामी, मुकेश चोपड़ा, हरनेक सिंह, विनोद बुडानिया एवं शाहरुख रोड़ावाली भी उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि मनरेगा योजना ने ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है और कठिन समय में यह योजना सहारा बनकर खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने में मनरेगा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ग्राम पंचायत की ओर से रखी गई विद्यालय एवं श्मशान घाट की चारदीवारी की मांग पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। विधायक अभिमन्यु पूनिया ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने चेताया कि यदि इस योजना को कमजोर किया गया तो इसका सीधा असर गरीब एवं मजदूर वर्ग पर पड़ेगा। विधायक ने ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर बस स्टैंड पर कक्ष निर्माण हेतु 8 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि पार्टी हमेशा से किसान, मजदूर और ग्रामीण हितों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को बचाने के लिए जनजागरण की आवश्यकता पर बल दिया और ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सरपंच सोनू चोपड़ा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नई योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और मनरेगा बचाओ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
