भोपाल। मोहन यादव ने रविवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने संसद में हुए घटनाक्रम को “निंदनीय और कष्टकारी” बताते हुए कहा कि लोकतंत्र इस समय एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है। सीएम यादव ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल को लोकसभा में पारित नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की तुलना महाभारत के द्रौपदी चीरहरण से करते हुए कहा कि “बहनों की इज्जत के साथ जिस प्रकार संसद में व्यवहार हुआ, वह अत्यंत पीड़ादायक है।” उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने इस बिल पर सभी दलों को सुझाव देने का अवसर दिया था और व्यापक सहमति बनाने की कोशिश की थी। इसके बावजूद विपक्ष ने सहयोग नहीं किया। सीएम ने घोषणा की कि भाजपा अब इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी। सोमवार से प्रदेशभर में “नारी शक्ति वंदन पदयात्रा” निकाली जाएगी। साथ ही जिला, नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर पर प्रदर्शन और निंदा प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया जाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि “जब चुनाव नजदीक थे, तब समर्थन किया गया, लेकिन अब विरोध किया जा रहा है। यह राजनीतिक अवसरवाद है।” उन्होंने विपक्ष की मानसिकता को “अलोकतांत्रिक और अलगाववादी” करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को अधिकार देने के मुद्दे पर विपक्ष ने हमेशा बाधा डाली है और कांग्रेस ने पूर्व में भी तीन तलाक जैसे मामलों में महिलाओं के हितों की अनदेखी की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी विपक्ष और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में देश की आधी आबादी से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर उनका रवैया महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। वहीं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पर संसद में चर्चा के बावजूद विपक्ष के विरोध के चलते इसे लागू नहीं किया जा सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से अपना रुख बदला। इस दौरान मंत्री कृष्णा गौर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, विधायक अर्चना चिटनिस सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि महिला आरक्षण का मुद्दा अब जन-आंदोलन का रूप लेगा और इसे प्रदेश से लेकर देशभर में जोर-शोर से उठाया जाएगा।
