हनुमानगढ़। महिला पुलिस थाना में दर्ज छेड़छाड़-मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज गांव डबलीराठान मौलवी बास के ग्रामीणों ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बैनर तले शनिवार को परिवादी पक्ष के समर्थन में महिला पुलिस थाने का घेराव किया। सांकेतिक धरने व प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी चंद्रकला को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मुकदमे की जांच बदलने, निष्पक्ष अधिकारी से तफ्तीश करवाने तथा नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार के अनुसार महिला पुलिस थाने में 10 जून को दर्ज मुकदमा संख्या 103 में शहनाज, असलम, पोपी, नाजिया, शरीफ को नामजद किया गया है। आरोप है कि 7 जून को इन लोगों ने एक नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए तथा उसके साथ मारपीट की। साथ ही उसके नाबालिग भाई के साथ भी मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने का आरोप लगाया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष को सौंपी गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। आरोप लगाया गया कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं तथा परिवादी पक्ष और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। यह भी आरोप लगाया गया कि जब परिवादी पक्ष जांच अधिकारी के पास कार्रवाई की जानकारी लेने पहुंचा तो उसकी सुनवाई नहीं की गई। जांच अधिकारी ने अपनी मर्जी से कार्रवाई करने की बात कही। 14 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जांच बदलने के लिए प्रार्थना-पत्र सौंपने के बावजूद अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने मांग की कि मामले की जांच वर्तमान जांच अधिकारी से हटाकर किसी निष्पक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाए तथा नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि आगामी तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और ग्रामीण महिला पुलिस थाने के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
