हनुमानगढ़। जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीना से शिष्टाचार मुलाकात की। समिति अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे सदस्यों ने जिले में बढ़ते महिला एवं बाल अपराधों पर रोक लगाने, अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की मांग रखी। मुलाकात के दौरान समिति पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि हाल के समय में महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों की घटनाओं को लेकर समाज में चिंता बढ़ी है। ऐसे में इन मामलों में त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील पुलिसिंग और प्रभावी निगरानी व्यवस्था जरूरी है, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और अपराधियों में कानून का भय बना रहे। समिति ने जिले में बढ़ते नशे के प्रचलन को भी गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए इस पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं में नशे की लत तेजी से फैल रही है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया। समिति अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से समिति की ओर से 30 मार्च से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में महिला आत्मरक्षा कौशल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर राजस्थान महिला पुलिस के सहयोग से आयोजित होगा। शिविर के दौरान महिला पुलिस मास्टर ट्रेनर छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाएंगे। इस अवसर पर समिति सदस्यों ने आईपीएस नरेंद्र मीना को पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार संभालने पर बधाई देते हुए जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई। मुलाकात के दौरान समिति सचिव मोनिका जिंदल, कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, संगठन मंत्री विनीता सिंगला, लीजा गोयल, सोनू अग्रवाल, तृप्ता, आरती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
