ऐलनाबाद। जिले सिरसा के गांव खैरेकां निवासी एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने मोबाइल हैक कर करीब डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को सुबह करीब 8 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने का लिंक प्राप्त हुआ। लिंक में वाहन चालान से संबंधित जानकारी होने का दावा किया गया था। जानकारी के अभाव में पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, फाइल तुरंत मोबाइल में डाउनलोड हो गई। पीड़ित ने बताया कि फाइल डाउनलोड होते ही उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने उसके मोबाइल के जरिए उसके दो बैंक खातों तक पहुंच बनाकर करीब 1.5 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर कर ली। मामले की जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारण ने बताया कि गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी करण उर्फ सन्नी पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा (चंडीगढ़) को आईटी पार्क चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें और अपनी बैंकिंग व व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
