हनुमानगढ़। जंक्शन के हाउसिंग बोर्ड, सेक्टर चार, वार्ड छह के वाशिंदों ने जनप्रतिनिधियों व नगर परिषद प्रशासन पर उनके मोहल्ले के साथ विकास कार्यांे की दृष्टि से सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड के अन्य मोहल्लों में तो नगर परिषद की ओर से विकास कार्य करवाए गए हैं लेकिन उनके मोहल्ले की ही अनदेखी की जा रही है। इससे नाराज मोहल्लेवासियों ने चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। मोहल्लेवासियों के अनुसार उनके मोहल्ले से कोई व्यक्ति किसी प्रत्याशी को अपना वोट नहीं देगा।

वे नोटा का बटन ही दबाएंगे क्योंकि वोट देने का क्या फायदा जब उनके मोहल्ले में कोई कार्य ही नहीं होता। मोहल्लावासी प्रमोद शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके मोहल्ले के साथ नगर परिषद प्रशासन की ओर से सौतेला व्यवहार किया जाता रहा है। कुछ समय पहले वार्ड की गलियों में इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू हुआ था। कम जगह में इंटरलॉकिंग किए जाने की शिकायत उन्होंने विधायक से की तो उनके हस्तक्षेप के बाद इंटरलॉकिंग अधिक जगह में की जाने लगी।

नगर परिषद प्रशासन की ओर से मोहल्ले की मुख्य गली में तो इंटरलॉकिंग करवा दी गई लेकिन अन्दर की चार गलियां जो झूलेलाल मन्दिर के सामने बनी हैं, उनमें इंटरलॉकिंग नहीं करवाई गई। न ही इन चारों गलियों में सफाई कार्य होता है। जब ठेकेदार से बात की गई तो उनका कहना था कि इंटरलॉकिंग के लिए सामग्री के साथ टेंडर खत्म हो गया है। इंटरलॉकिंग का कार्य बीच में ही छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व नाली निर्माण के समय भी खानापूर्ति की गई थी। लेवल में नाली का निर्माण न होने से पानी की निकासी नहीं होती। बीमारियां फैल रही हैं। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही।

जगदेव सैनी ने कहा कि पूरे शहर में विकास हो गया लेकिन सेक्टर चार, वार्ड छह में कोई कार्य नहीं हुआ। पार्क की सार-संभाल नहीं हो रही। इस वजह से उसमें कचरा भरा हुआ है। पार्क की रेलिंग आदि क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इंटरलॉकिंग का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। बजट उपलब्ध होने पर दोबारा टेंडर कर कार्य शुरू करने की बात कही जा रही है।

अंजू शर्मा के अनुसार निवर्तमान वार्ड पार्षद ने उनके मोहल्ले की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। मोहल्ले में बना पार्क भी जर्जर हो चुका है। पार्क में झूले आदि भी नहीं लगाए गए। नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग पार्क में बैठे रहते हैं। इस कारण महिलाओं व बच्चों का पार्क में घूमना बंद हो गया है। मोहल्ले में अधिकतर मजदूर वर्ग रहता है। इस वजह से मोहल्ले में विकास कार्य नहीं करवाए जा रहे। मजबूर होकर मोहल्लेवासियों ने चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
