हनुमानगढ़। छात्र-छात्राओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार की ओर से संचालित राजस्थान फिनिशिंग स्कूल कार्यक्रम के तहत हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में योगा वेलनेस ट्रेनर कोर्स शुरू किया जाएगा। यह कार्यक्रम दिव्य मंदिर योग ट्रस्ट के साथ हुए एमओयू के तहत संचालित होगा। मंगलवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि महावीर प्रसाद मीणा ने छात्र-छात्राओं को कोर्स के लाभ, रोजगार के अवसर और आय के स्रोतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मुख्यमंत्री की पहल है, जिसके माध्यम से युवा स्वयं का रोजगार भी शुरू कर सकते हैं। प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया ने बताया कि यह कोर्स तीन माह का होगा, जिसमें प्रतिदिन चार घंटे की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं इसमें हिस्सा ले सकेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद परीक्षा आयोजित की जाएगी और सफल अभ्यर्थियों को भारत सरकार से मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि कोर्स पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं में से 70 प्रतिशत को रोजगार उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों व बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। समाजशास्त्र सहायक आचार्य डॉ. अर्चना गोदारा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन छात्र-छात्राओं को अवसर प्रदान करना है, जिन्हें रोजगार के अवसर सीमित लगते हैं। इस कोर्स के माध्यम से वे अपने कौशल का विकास कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट भी दिया जाएगा, जिससे वे सीधे रोजगार से जुड़ सकें।
