हनुमानगढ़। श्री खुशालदास दास विश्वविद्यालय से सुमन बाला ने भूगोल विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनका शोध विषय “हनुमानगढ़ तहसील में बढ़ती जनसंख्या और घटते संसाधन—एक भौगोलिक अध्ययन” रहा। इस शोध में क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही जनसंख्या के कारण प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ने वाले प्रभावों का विस्तृत भौगोलिक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। सुमन बाला वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डबरवाला (खुंजा) में व्याख्याता (भूगोल) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपना शोध कार्य डॉ. बाबूलाल शर्मा के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। विश्वविद्यालय की ओर से सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। उनके शोध कार्य में क्षेत्रीय जनसंख्या वृद्धि, संसाधनों की उपलब्धता, पर्यावरणीय संतुलन तथा भविष्य की चुनौतियों का गहन अध्ययन किया गया है। यह शोध क्षेत्रीय योजना, संसाधन प्रबंधन तथा सतत विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर उनके पति डॉ. विक्रम मेहरा, परिजनों, भाई रवि मेघवाल, मित्रों तथा क्षेत्र के शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
