हनुमानगढ़। तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी प्रतियोगिता 21 से 26 जनवरी तक विशाखापत्तनम में आयोजित की जाएगी। सोमवार को राजस्थान टीम के खिलाड़ी हनुमानगढ़ से विशाखापत्तनम के लिए रवाना हुए। टाउन स्थित शहीद स्मारक परिसर से अतिथियों की ओर से खिलाड़ियों को तिरंगा दिखाकर रवाना किया गया।

इससे पहले शहीद स्मारक के संस्थापक एडवोकेट शंकर सोनी के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान के दिव्यांग कबड्डी खिलाड़ियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को आने-जाने का रेलवे किराया प्रदान किया गया तथा उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित कुल 14 होनहार दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हुए।

कार्यक्रम में विधायक गणेश राज बंसल मुख्य अतिथि तथा तरुण विजय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता समाजसेवी जितेन्द्र गुप्ता ने की। इस दौरान डॉ. सुरेश बाजिया, सागरमल लड्ढा, प्रिंसिपल सुखदेव, आशीष शेखावत, नवीन अग्रवाल, मनजीत सिंह, कोच बसंत सिंह मान, राजस्थान टीम एवं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विक्रम सिंह मान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि पैरा कबड्डी खिलाड़ियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। विशिष्ट अतिथि तरुण विजय ने कहा कि पैरा कबड्डी खिलाड़ियों ने पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है और इस बार भी उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

राजस्थान टीम के इंचार्ज एवं अर्जुन अवॉर्डी जगसीर सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच है, जिससे देश को नई और प्रतिभाशाली खेल प्रतिभाएं मिलेंगी। प्रतियोगिता की आयोजक सचिव संदीप कौर ने कहा कि यह प्रतियोगिता पैरा एथलीटों के लिए केवल एक खेल नहीं, बल्कि उनका सपना है। राही सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष योगेश कुमावत ने बताया कि सोसायटी एवं जनसहयोग के माध्यम से खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे बिना किसी आर्थिक या संसाधन संबंधी परेशानी के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी कर सकें।

प्रशिक्षण शिविर में अनुभवी एनआईएस कोच सुनील सामरिया ने अपने दीर्घ अनुभव के आधार पर दिव्यांग खिलाड़ियों को विशेष एवं अनुकूल प्रशिक्षण पद्धतियों से मार्गदर्शन प्रदान किया। गौरतलब है कि पिछली राष्ट्रीय पैरा कबड्डी चैंपियनशिप (गाजियाबाद) में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस बार भी टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
