हनुमानगढ़। नेशनल हाइवे-54 के निर्माण के दौरान गांव खोथांवाली के बस स्टैंड को गांव से बाहर बनाए जाने का विरोध मुखर हो गया है। सोमवार को ग्रामीण यह समस्या लेकर पुन: जिला कलक्टर के पास पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार एनएच-54 गांव से होकर निकल रहा है। इसके चलते गांव खोथांवाली का बस स्टैंड गांव के बाहर बनाया जा रहा है। इससे आमजन व अनेकों छात्र-छात्राएं जो गांव से बाहर रोजाना आवागमन करते हैं, उन्हें परेशानी होगी। क्योंकि उक्त गांव से अधिक दूरी पर है। अंधेरायुक्त स्थान होने के कारण किसी भी अनहोनी होने का खतरा हर समय बना रहता है। इससे छोटे बच्चों व सामान लाने व ले जाने में दुविधा होती है। जबकि ग्रामीणों की ओर से पूर्व में संचालित जगह पर ही नया बस स्टैंड बनाने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। राज सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत की लेकिन गांव के कुछ नागरिक अपनी निजी स्वार्थ के चलते राजनैतिक दबाव बनाकर बस स्टैंड को गांव से बाहर बनवाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से मांग की कि मौका स्थिति का अवलोकन कर निर्माणाधीन बस स्टैंड को पुराने बस स्टैंड की जगह ही बनाया जाए। पुराने बस स्टैंड की राजकीय सम्पति पर निजी कब्जा हटवाकर बस स्टैंड के उपयोग में लिया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। सौंपे गए ज्ञापन में हेतराम, श्रवण कुमार, सहीराम, गुरुचरण सिंह, मोहित सहारण, सुशील कुमार, श्रवण कुमार, मुकेश आदि के हस्ताक्षर थे।
