हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (एसकेडी यूनिवर्सिटी), हनुमानगढ़ में एनएसएस एवं शिक्षा संकाय के संयुक्त तत्वावधान में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राजस्थान के इतिहास, संस्कृति और गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता में शिक्षा संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वीरता, लोक परंपराओं और विकास की संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने राजस्थान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोक संस्कृति और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली लेख प्रस्तुत किए, जबकि भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने ओजस्वी वक्तव्यों के माध्यम से प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर श्री गुरु गोबिन्द सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि राजस्थान दिवस प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और वीरता की परंपराओं को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपने राज्य की विरासत और मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को राजस्थान की समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों लक्ष्य कुमार, आंचल, हरमन और प्रीति को निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी डॉ. स्वाति ओझा, मदन लाल शर्मा, विशेष शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण नाई, डॉ. बाबूलाल शर्मा, डॉ. कलावती स्वामी, नीलम चिलाना, प्रदीप कुमार, अर्चना खीचड़, निधि शर्मा, सुमित कुमार, रमन डाबला, बृज प्रकाश भादू, नवनीत सिंह, जसविंदर सिंह, मनीष कुमार, अनमोल शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन मदन लाल शर्मा ने किया।
