हनुमानगढ़। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें कौशल आधारित प्रशिक्षण से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एलाइन स्किल्स एडुटेक प्रा. लिमिटेड द्वारा सरकारी सहयोग से नि:शुल्क लघु अवधि कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से रोजगार के लिए तैयार करना है। संस्था द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से उन युवाओं के लिए उपयोगी है जो कम समय में रोजगारपरक कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत आधुनिक तकनीक से सुसज्जित लैब और स्मार्ट क्लासरूम में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित और अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को थ्योरी के साथ-साथ प्रायोगिक ज्ञान भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे कार्यक्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

विभिन्न रोजगारपरक कोर्स उपलब्ध
इस प्रशिक्षण अभियान के तहत कई प्रकार के कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें फील्ड टेक्नीशियन (कंप्यूटर एवं हार्डवेयर), फील्ड टेक्नीशियन (कंप्यूटिंग एवं नेटवर्किंग), बेसिक कंप्यूटर एवं सॉफ्ट स्किल्स, डेटा एंट्री ऑपरेटर, सेल्फ एम्प्लॉयड टेलर, फैशन डिजाइनिंग, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, लॉजिस्टिक्स, ब्यूटी पार्लर, सोलर तकनीशियन, योगा तथा पुजक-अर्चक जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन कोर्सों को वर्तमान बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को शीघ्र रोजगार के अवसर मिल सकें।
योग्यता एवं आयु सीमा
प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं, 8वीं, 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। वहीं आयु सीमा 15 से 45 वर्ष के बीच रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठा सकें। संस्था ने स्पष्ट किया है कि सीमित सीटों के कारण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
विशेष सुविधाएं और लाभ
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी एवं अंग्रेजी टाइपिंग, इंटरनेट उपयोग, व्यक्तित्व विकास (P.D.) और स्पोकन इंग्लिश का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोर्स पूर्ण होने पर अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा तथा रोजगार सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्लेसमेंट सहयोग, प्लाइन लाइब्रेरी, CSC एवं ई-मित्र जैसी सुविधाएं भी केंद्र पर उपलब्ध रहेंगी। संस्था प्रबंधन के अनुसार यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कौशल विकास के माध्यम से न केवल बेरोजगारी कम होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेज—फोटो, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पहचान-पत्र आदि—के साथ शीघ्र आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं। प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और पंजीकरण जारी है।
