- कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महासचिव गुरदीप चहल ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के शिल्पकार थे। उन्होंने देश को सूचना एवं तकनीक के क्षेत्र में नई दिशा दी। युवाओं को आगे बढ़ाने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना राजीव गांधी ने देखा था। उन्होंने कहा कि आज देश में दिखाई देने वाली तकनीकी क्रांति की नींव भी राजीव गांधी ने ही रखी थी। सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी ने गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “राजीव गांधी अमर रहें” के नारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने उन्हें दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को आधुनिक सोच और नई तकनीकों से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। इस अवसर पर करणी सिंह राठौड़, मोहनलाल इंदलिया, सुरेंद्र खटीक, गुरलाल मान, जयपाल गिरी, आमिर खान, विनोद गुरूसर, विजय टाक, अंतराम ढुढाड़ा, बंशीलाल खन्ना, अशुमन बामनिया, प्रेमकुमार सहारण, ध्रुव कुमार और विनोद हिरणावाली सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
