हनुमानगढ़। जंक्शन के गांधीनगर क्षेत्र से 69 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग 9 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे बिना बताए घर से कहीं चले गए। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर उनकी पत्नी ने जंक्शन पुलिस थाना में रिपोर्ट पेश की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में लक्ष्मी देवी (60) पत्नी रमेश कुमार धानका निवासी शंकर किरयाना स्टोर के पास, वार्ड नंबर 16, गांधीनगर, जंक्शन ने बताया कि उनके पति रमेश कुमार (69) पुत्र हरी सिंह 9 अक्टूबर की रात घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। आसपास और रिश्तेदारी में तलाश करने के बावजूद उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। रिपोर्ट के अनुसार, रमेश कुमार ने घर से निकलते समय ग्रे रंग का कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था। उनके ओढ़ने पर पीले और हरे फूलों वाली चादर थी तथा पैरों में काले रंग की चप्पल पहनी हुई थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल नेतराम को सौंपी है। पुलिस बुजुर्ग की तलाश में जुटी है।
