हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने सोमवार को रावतसर उपखंड क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। दौरे की शुरुआत पल्लू के केलनिया स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय से हुई, जहां जिला कलक्टर ने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता की जांच की, उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई, भोजन और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। इसके बाद उन्होंने केलनिया राजकीय पशु चिकित्सा उपकेंद्र का निरीक्षण कर दवा स्टॉक, उपचार सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर ने पशुपालकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें मिल रही सेवाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिसरासर तथा एक पेट्रोल पंप का भी जायजा लिया।

बिसरासर में उन्होंने एक प्रगतिशील किसान के खेत का भ्रमण कर खजूर की खेती का अवलोकन किया और आधुनिक कृषि तकनीकों तथा उत्पादन के बारे में जानकारी प्राप्त की। दौरे के अंतिम चरण में जिला कलक्टर ने पल्लू पुलिस थाना, तहसील कार्यालय, रावतसर उपखंड कार्यालय तथा राजकीय महाविद्यालय रावतसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन के कार्यों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि सरकारी संस्थानों में बेहतर व्यवस्थाएं और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
