हनुमानगढ़। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी वार्षिक बैठक जम्मू में सम्पन्न हुई। इस बैठक में देशभर से आए पदाधिकारियों, विषय विशेषज्ञों, सैन्य अधिकारियों और चिंतकों ने हिस्सा लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया। बैठक में हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर चैप्टर का प्रतिनिधित्व करते हुए संरक्षक एवं राष्ट्रीय सचिव गिरीश चावला तथा अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। दोनों ने अपने क्षेत्र में चल रही गतिविधियों और प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इन्द्रेश कुमार, राष्ट्रीय संचालन समिति सदस्य गोलोक बिहारी राय, कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व अल्पसंख्यक आयोग चेयरमैन जसबीर सिंह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल केएस लांबा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सभी वक्ताओं ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सजग और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया। बैठक में अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक मोहन लाल भगत और देवयानी राणा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लेकर आंतरिक सुरक्षा, सीमा सुरक्षा, सामाजिक समरसता और नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक में यह सहमति बनी कि देशभर में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाए जाएंगे। विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जोड़ने और राष्ट्रहित में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर चैप्टर के अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र मोदी और कोषाध्यक्ष लाजपत खुराना ने अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यांे और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ। यह बैठक न केवल विचारों के आदान-प्रदान का मंच बनी, बल्कि भविष्य की ठोस कार्य योजनाओं का मार्ग भी प्रशस्त कर गई।
