ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की 57 ग्राम 54 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सिरसा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अब तस्करों का पुलिस की नजरों से बच पाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि जिला की सीआईए सिरसा तथा एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमों ने गश्त और चेकिंग के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर बस स्टैंड गांव रोहण तथा गांव निरबाण क्षेत्र में कार्रवाई की। सीआईए सिरसा की टीम जब बस स्टैंड गांव रोहण के पास मौजूद थी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल अचानक बंद हो गई। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के वाइजर से एक प्लास्टिक पॉलिथिन बरामद हुई। पॉलिथिन की जांच करने पर उसमें से 51 ग्राम 16 मिलीग्राम हेरोइन मिली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दलबीर सिंह पुत्र मेवासिंह और सिकंदर सिंह उर्फ गौरी पुत्र सुखमंद्र सिंह निवासी गांव फग्गू के रूप में हुई। वहीं एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गांव निरबाण क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार पुत्र गोपीराम निवासी गांव निरबाण को काबू कर उसके कब्जे से 6 ग्राम 38 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
