गोलूवाला। उत्तर प्रदेश निवासी एक ठेकेदार ने ईंट भट्ठा पर काम करने के लिए मजदूर लाकर देने की बात कहकर ईंट भट्ठा मालिक से आठ लाख से अधिक रुपए हड़प लिए। साथ ही अलमारी में रखे लिखा-पढ़ी के स्टाम्प व चांदी की मूर्ति चोरी कर ली। इस संबंध में ईंट भट्ठा मालिक की ओर से गोलूवाला पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार पवन कुमार (52) पुत्र चन्द्रभान अग्रवाल निवासी गोलूवाला निवादान ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह सूरांवाली गांव में श्री श्याम ईंट उद्योग व चक 22 एलजीडब्ल्यू में सांवरिया ईंट उद्योग के नाम से ईंट भट्ठे संचालित करता है। ओमकार पुत्र चन्द्रउदय निवासी टिकुरिया पोस्ट सरावा जिला इटावा, उत्तर प्रदेश उसके दोनों ईंट भट्ठा पर मजदूरों के ठेकेदार के रूप में काम करता था। इस कारण ओमकार का उसके दोनों ईंट भट्ठों पर आना-जाना रहता था। दो जुलाई 2024 को ओमकार ने उससे 6 लाख 70 हजार रुपए पेशगी के रूप में भट्ठा पर काम करने के लिए लेबर लाने के लिए थे। इस संबंध में उस समय पांच सौ रुपए के स्टाम्प पर लिखा-पढ़ी की गई थी। उसे इस लिखा-पढ़ी का स्टाम्प सूरांवाली दोनों ईंट भट्ठा में बने अपने कार्यालय की अलमारी में रख दिया। 30 अगस्त 2025 को ओमकार सूरांवाली वाले ईंट भट्ठा पर पहुंचा तथा 1 सितम्बर 2025 तक वहीं रहा। इस दौरान ओमकार उससे लेबर लाने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए नकद लेकर लेबर लाने का कहकर ईंट भट्ठा से चला गया। उसके बाद जब ओमकार वापस ईंट भट्ठा पर मजदूर लेकर नहीं आया तो उसके मुनीम भंवरलाल ने ओमकार से अक्टूबर 2025 में दूरभाष पर सम्पर्क कर लेबर लेकर आने की बात कही। ओमकार ने 2-4 दिन में आने का वादा उसके मुनीम से किया। इसके बाद उसके मुनीम ने लगातार ओमकार से लेबर के बारे में 10-15 बार और बात की तो ओमकार ने स्पष्ट रूप से मना करते हुए कहा कि उसके पास कोई लेबर नहीं है। तब उसके मुनीम ने ओमकार को कहा कि उसके स्टाम्प जिस पर उसने लेबर लाने की लिखा-पढ़ी की है, उसके आधार पर कानूनी कार्यवाही करेंगे। इस पर ओमकार ने कहा कि वह स्टाम्प उसने अलमारी से चोरी कर लिया था। अब वे कुछ नहीं कर सकते। इसके बाद उसने अपने कार्यालय में रखी अलमारी को सम्भाला तो ओमकार की बात सही निकली। अलमारी में रखे स्टाम्प जिस पर उसने ओमकार से लेबर के सम्बन्ध में लिखा-पढ़ी की थी वह गायब थे। साथ ही अलमारी में रखी चांदी की मूर्ति जो भगवान रामलाल की थी जिसका वजन करीब 90 ग्राम था वह भी वहां से गायब थी। पवन कुमार ने आरोप लगाया कि ओमकार उसके कार्यालय में दिन के किसी समय प्रवेश कर स्टाम्प तथा चांदी की मूर्ति की चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश एएसआई विजय सिंह के सुपुर्द की।
