हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान पेंशनर्स समाज के तत्वावधान में वरिष्ठजनों के अधिकारों संबंधी विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जंक्शन में कलक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स समाज भवन में किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने वरिष्ठ नागरिकों को नालसा (वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सेवाएं) योजना-2016, जागृति योजना-2025, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, वृद्धावस्था पेंशन, महिला सशक्तिकरण, नि:शुल्क विधिक सहायता, सीनियर सिटीजन एक्ट-2007 तथा पीड़ित प्रतिकर योजना-2013 के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर उपलब्ध कानूनी सुविधाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषिराज बेनीवाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, स्थायी लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा नि:शुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में अधिकार मित्र आकाश, राजस्थान पेंशनर्स समाज अध्यक्ष अशोक खत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश रहेजा, सचिव रमेश दरगन, प्रचार मंत्री गुरदीप सिंह, राज्य प्रतिनिधि ओमप्रकाश बाबल, मंत्री ललित चड्ढा सहित समाज के कई प्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
