हनुमानगढ़। शहर की गुड डे डिफेंस अकादमी के प्रांगण में मंगलवार को एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 21 युवाओं ने राष्ट्र सेवा की शपथ ली। यह केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प था। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, उपाध्यक्ष कृष्णा यादव एवं चेयरपर्सन वरुण यादव के आगमन के साथ हुआ। इस मौके पर अकादमी के निदेशक डॉ. मनोज कुमार, गुड डे डिफेंस स्कूल के निदेशक कर्नल विक्रम सिंह (सेवानिवृत्त), प्रशासक अनुराग छाबड़ा एवं प्रधानाचार्य अंतोणियम्माल ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में राजतिलक, अनुशासित परेड एवं सलामी शस्त्र ने पूरे वातावरण को सैन्य अनुशासन और गरिमा से भर दिया। नए सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ ज्ञान, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि सेना की वर्दी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के विश्वास का प्रतीक है। वहीं उपाध्यक्ष कृष्णा यादव ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनडीए का मार्ग उन्हीं के लिए है जो कभी हार नहीं मानते। अकादमी निदेशक डॉ. मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सच्चा योद्धा वही है जो पहले अपने मन, चरित्र और संकल्प को मजबूत करता है। उन्होंने अभ्यर्थियों को अनुशासन, निष्ठा और नेतृत्व के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब 21 युवाओं ने एक स्वर में राष्ट्र सेवा की शपथ ली। इस दृश्य ने पूरे सभागार को गर्व से भर दिया।
